Internal Post Ads

नई दिल्ली, महरौली।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के निर्देशानुसार देशभर में शिक्षा व्यवस्था, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं, बढ़ती बेरोज़गारी और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत महरौली विधानसभा क्षेत्र में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भाग लिया तथा कांग्रेस नेता राहुल गांधी के संदेश और संबोधन को सुना।


कार्यक्रम में दिल्ली प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पा सतवीर सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने युवाओं, छात्रों और महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखते हुए कहा कि देश के करोड़ों छात्र आज परीक्षा प्रणाली की खामियों, पेपर लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और बढ़ती बेरोज़गारी के कारण परेशान हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं की आवाज़ को मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है और जनता के बीच जाकर इन मुद्दों को सामने ला रही है।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष वीरेंद्र शर्मा ने भी उपस्थित लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और रोजगार से जुड़े सवाल केवल छात्रों के नहीं बल्कि पूरे समाज और देश के भविष्य से जुड़े हुए हैं। उन्होंने केंद्र सरकार पर युवाओं की समस्याओं को गंभीरता से न लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि लाखों युवा आज अपने भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति में हैं।


कार्यक्रम में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष सोलंकी जी भी मौजूद रहे। उन्होंने राहुल गांधी के संदेश को जनता तक पहुँचाते हुए कहा कि युवाओं की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता और देश के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर व्यापक जनजागरण की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में महिला जिला अध्यक्ष संतोष मलिक, ब्लॉक अध्यक्ष कालू भाई, ब्लॉक अध्यक्ष राजवीर सिंह (लाडो सराय), ब्लॉक अध्यक्ष कुलदीप पटियाल सहित वसंत कुंज जिले के अनेक ब्लॉक अध्यक्ष और कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे। जिले की पूरी टीम ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी द्वारा युवाओं और छात्रों के मुद्दों पर दिए गए संबोधन को बड़ी स्क्रीन पर दिखाया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने ध्यानपूर्वक सुना। वक्ताओं ने स्थानीय भाषा और सरल शब्दों में राहुल गांधी के संदेश तथा शिक्षा व्यवस्था से जुड़े प्रमुख मुद्दों को समझाया ताकि अधिक से अधिक लोग इन विषयों को समझ सकें।


महरौली क्षेत्र के नागरिक भी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुए। युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने शिक्षा, रोजगार और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर अपनी चिंता व्यक्त की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने छात्रों और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए आवाज़ बुलंद करने तथा जनहित के मुद्दों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि देश के युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक जनआंदोलन है, जिसे आने वाले समय में और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा।